Jaunpur News : मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष तेजी से कार्य करते हुए योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं और कार्यक्रमों में जिले की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष ध्यान देकर प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से सुधार किया जाए। अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों और प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में परियोजनाओं, सड़कों के निर्माण व मरम्मत, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अतिरिक्त ऊर्जा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, धान क्रय केंद्र, नमामि गंगे, ग्राम पंचायत भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने उप कृषि निदेशक को गांव-गांव व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और किसानों को योजना के लाभ व पात्रता की जानकारी देने के निर्देश दिए। धान क्रय केंद्रों की सभी तैयारियां समय से पूरी करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने को कहा गया।

ग्राम पंचायत भवनों में निर्धारित दिवसों पर ग्राम पंचायत सचिव और लेखपाल की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके। डिजिटल लाइब्रेरी का नियमित संचालन कराने तथा वहां समाचार-पत्र और आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पुराने और अनुपयोगी एम्बुलेंसों की नियमानुसार नीलामी कराने तथा एम्बुलेंस में उपलब्ध सुविधाओं का विवरण चस्पा कराने के निर्देश दिए गए। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को गंभीरता से संचालित करने और नगरीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में गोशालाओं में सुविधाओं, चारे की उपलब्धता और गुणवत्ता की जानकारी ली गई। डीएम ने गोशालाओं को सभी जरूरी सुविधाओं से संतृप्त करने, छोटे पशुओं के लिए अलग व्यवस्था करने तथा चारे की नियमित जांच कराने को कहा।

छात्रवृत्ति योजना में पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ दिलाने के लिए महाविद्यालयों में शिविर आयोजित कर जानकारी देने और आवेदन त्रुटिरहित कराने के निर्देश दिए गए। सड़कों की समीक्षा में गड्ढायुक्त सड़कों को प्राथमिकता से ठीक कराने तथा बरसात के बाद नई सड़कों के निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजनाओं में भी अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों और सेवाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा किसी भी विभाग के संबंध में नकारात्मक फीडबैक की स्थिति न आने पाए।

बैठक के अंत में डीएम ने 2 अक्टूबर के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को चिन्हित कर सम्मानित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534