जौनपुर। जौनपुर और भदोही जिले को जोड़ने वाले सुरेरी-चौरी मार्ग पर मलेथू गांव में वरुणा नदी पर बने पुल और उसे जोड़ने वाली सड़क की हालत निर्माण के महज छह महीने में ही खराब हो गई है। पहली बारिश में सड़क कई जगह धंस गई, जबकि पुल के पास सड़क का एक हिस्सा कटकर नदी की ओर बहने लगा है। इससे पुल से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों में हादसे का डर बना हुआ है।
पैदल राहगीरों से लेकर चार पहिया वाहन तक प्रभावित
सड़क के क्षतिग्रस्त होने से पैदल चलने वालों के साथ साइकिल, बाइक और चार पहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी बारिश के दौरान बह गईं। इससे बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और सड़क के किनारे लगातार कटान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो सड़क और पुल के आसपास का हिस्सा और क्षतिग्रस्त हो सकता है।
निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
सड़क की बदहाली से नाराज करीब 50 ग्रामीण सोमवार को प्रभात यादव उर्फ पप्पू के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने राज्य सेतु निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पुल और संपर्क मार्ग निर्माण के छह महीने के भीतर ही खराब होने लगा। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।
प्रभात यादव उर्फ पप्पू ने कहा कि जुलाई में पहली बारिश शुरू होते ही सड़क धंसने लगी थी। बारिश खत्म होते-होते इसकी स्थिति काफी खराब हो गई। उन्होंने कहा कि मार्ग पर दिन-रात तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की मौजूदा हालत में किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने पुल और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
नालियों के पुनर्निर्माण की भी मांग
ग्रामीणों ने राज्य सेतु निगम से क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, नदी की ओर कट रहे हिस्से को मजबूत करने और बारिश में बह चुकी सड़क किनारे की नालियों का दोबारा निर्माण कराने की मांग की। साथ ही पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन में दुर्गेश भास्कर, विवेक यादव, मनीष कुमार गौतम, सचिन सोनकर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तत्काल कराया जाएगा सुधार
इस संबंध में सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक जेपी गुप्ता ने बताया कि सड़क का जो भी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, उसका तत्काल सुधार कराया जाएगा।