Jaunpur News : नवरात्रि और दुर्गापूजा पर जौनपुर शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, 11 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री


जौनपुर। नवरात्रि और दुर्गापूजा के त्योहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने जौनपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत ई-रिक्शा, ऑटो, टेंपो और चार पहिया वाहनों के आवागमन पर कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक शहर के निर्धारित प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।

दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध

यातायात पुलिस के निर्देश के अनुसार, कुत्तूपुर से शहर में आने वाले ई-रिक्शा को केवल शाहगंज पड़ाव तक आने की अनुमति होगी। इसके आगे कोतवाली और शहर की ओर ई-रिक्शा व ऑटो नहीं जा सकेंगे। पॉलिटेक्निक चौराहे से बैटरी रिक्शा और चार पहिया वाहन ऑल-लांग की तरफ नहीं जाएंगे। मछलीशहर पड़ाव और बदलापुर पड़ाव से भी बैटरी रिक्शा व ऑटो को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

जेसीज चौराहे से शहर की ओर जाने वाले बैटरी रिक्शा और टेंपो पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यहां से जाने वाले वाहनों को जोगियापुर, मेगापुर, सद्भावना तिराहा, सब्जीमंडी पुल और अटाला मस्जिद होते हुए भंडारी रेलवे स्टेशन की ओर जाना होगा। ये प्रतिबंध प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक लागू रहेंगे।

चार पहिया वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग

कुत्तूपुर तिराहे से आने वाले चार पहिया वाहनों को शकरमंडी तिराहा, भंडारी रेलवे स्टेशन, सुतहट्टी तिराहा, अटाला मस्जिद और किला तिराहा होते हुए सद्भावना से जोगियापुर की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन शाहगंज और जेसीज की दिशा में जा सकेंगे।

मल्हनी पड़ाव से आने वाले बैटरी रिक्शा, ऑटो और चार पहिया वाहनों को बड़ी मस्जिद, शाहगंज पड़ाव, शकरमंडी तिराहा, भंडारी रेलवे स्टेशन, सुतहट्टी, अटाला, किला और सद्भावना के रास्ते शहर से बाहर निकाला जाएगा। इन वाहनों को चांद मेडिकल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

पांच प्रमुख स्थानों से भारी वाहनों की नो-एंट्री

यातायात पुलिस के अनुसार, 11 से 21 अक्टूबर तक कुत्तूपुर तिराहा, जेसीज चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, कुमार पेट्रोल पंप और जोगियापुर से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।

सुतहट्टी, अशोक टाकीज और किशन काफी मार्ग पर भी रोक

यातायात पुलिस ने कुछ अन्य मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की है। सुतहट्टी तिराहे से कोतवाली की तरफ कोई भी तीन पहिया या चार पहिया वाहन नहीं जाएगा। अशोक टाकीज से चहरसू चौराहे की ओर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह किशन काफी की तरफ से तीन पहिया और चार पहिया वाहन ऑल-लांग की ओर नहीं जा सकेंगे।

क्षेत्राधिकारी नगर ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534