जौनपुर। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार को 32 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 9:30 बजे तक पूरी कर ली गई। पहली पाली में कुल 16,696 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर कड़ी जांच की व्यवस्था की गई है। महिला अभ्यर्थियों के बालों में लगे क्लेचर और हेयर पिन के साथ हाथों में बंधे कलावे और कंगन उतरवाकर जांच की जा रही है। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी के दौरान शर्ट के कॉलर और बाजू खुलवाकर जांच की जा रही है। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
एडीएम परमानंद झा ने बताया कि PET-2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। जिले के 32 केंद्रों पर तीनों तिथियों में कुल 87,696 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
डीएम ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। पेयजल, शौचालय, प्रकाश और सुरक्षा की व्यवस्था के साथ यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शेल्टर होम को क्रियाशील रखने और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। अधिकारियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।
