धैर्य, अनुशासन और सही रणनीति के साथ निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता, पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी रहे मौजूद
जौनपुर। UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन देने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत स्थित प्रेक्षागृह में राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से ‘ज्ञान संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध शिक्षक एवं शिक्षाविद् अवध ओझा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवध ओझा ने कहा कि UPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता के लिए केवल घंटों पढ़ाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा, स्पष्ट रणनीति, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण भी जरूरी है। विद्यार्थियों को तैयारी के दौरान धैर्य बनाए रखने के साथ निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि देश और समाज की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। एक बेहतर प्रशासक बनने के लिए ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, तार्किक क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ भी जरूरी है। उन्होंने पाठ्यक्रम की समझ, अध्ययन सामग्री के चयन, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन और प्रारंभिक, मुख्य एवं साक्षात्कार परीक्षा की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अवध ओझा ने कहा कि असफलता को अपनी क्षमता का अंतिम प्रमाण नहीं मानना चाहिए। अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना और निरंतर प्रयास करते रहना ही सफलता का रास्ता है।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि जौनपुर की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध रही है। यहां के युवाओं में देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं में स्थान बनाने की पूरी क्षमता है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी नौजवान सभा युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विषयों पर अनुभवी व्यक्तित्वों के साथ संवाद का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अवध ओझा से अपनी तैयारी से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। इस अवसर पर चंद्रमौली चौधरी, नमन जैन, कनिष्क शेखर और अमित ऋषि पाठक समेत अन्य शिक्षक एवं मार्गदर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
