बरसठी | निगोह बाजार स्थित अवतार जलपान गृह में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर लड्डू का नमूना लिया। मिठाई खराब होने की शिकायत पर विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।
पाली गांव निवासी आशीष सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने अवतार जलपान गृह से 15 किलो लड्डू 180 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदे थे। लड्डू मौसी के यहां बांटने के लिए ले गए थे, लेकिन अगले ही दिन खराब हो गए। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी दुकान से काला जामुन खरीदा था, जिसमें फफूंदी लगी मिली थी। इसकी शिकायत दुकानदार से करने पर कथित तौर पर उसने कहा कि जो करना है, कर लो। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच की और लड्डू का नमूना संग्रहित किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक दुबे ने बताया कि नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।