जौनपुर। प्रसिद्ध शीतला चौकियां धाम के रास्ते में स्थित शराब की दुकानों को हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की गई है। इस संबंध में समाजसेवी एवं पूर्व सभासद प्रतिनिधि लाल बहादुर यादव ‘नेपाली’ ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि शीतला चौकियां धाम में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बस और निजी वाहनों से दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालु अपने वाहन पारस मेमोरियल अस्पताल से धाम तक जाने वाले मार्ग की दोनों पटरियों पर खड़े करते हैं। इसी स्थान पर कई परिवार विश्राम करने के साथ भोजन भी बनाते हैं, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं।
उन्होंने बताया कि इसी मार्ग के बीच देशी शराब और कंपोजिट शराब की दुकानें संचालित हैं। प्रार्थना पत्र के अनुसार, दुकानों के आसपास खुले में शराब पीने के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसी स्थिति में कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। लाल बहादुर यादव ने जिलाधिकारी से मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों शराब की दुकानों को मंदिर मार्ग से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है, ताकि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।