जौनपुर। दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों की तैयारियों और विभिन्न जनसमस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पैचिंग का काम प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत का काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
खुले मैनहोल और जर्जर तार होंगे दुरुस्त
जल निगम को सभी सीवर और खुले मैनहोल के ढक्कन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को बदलने के लिए कहा गया। नगर पालिका को शहर में जल भराव रोकने के साथ प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एआई से बने भ्रामक वीडियो पर निगरानी
शांति समिति के सदस्यों ने बताया कि कुछ अराजक तत्व एआई के माध्यम से भ्रामक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों की निगरानी और तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा।
बिना अनुमति खुदाई पर रोक
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी खुदाई का काम कराने से पहले नगर मजिस्ट्रेट से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पानी टंकी से इंग्लिश क्लब और हाईडील तक सड़क पर पड़ी अवैध मिट्टी, बालू और अन्य सामग्री हटाने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया। त्योहारों के दौरान मोबाइल शौचालय की व्यवस्था कराने को भी कहा गया।
पंडालों में प्रवेश-निकास की अलग व्यवस्था
दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था हो। सड़क अवरुद्ध करके या हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे पंडाल न लगाए जाएं। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा।
अग्निशमन और यातायात व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र रखने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ आगामी त्योहारों को पारंपरिक तरीके से मनाएं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट, संबंधित विभागों के अधिकारी, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
