Jaunpur News : शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर


जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर की मासिक बैठक और आगामी शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारी बैठक शनिवार को जिला कार्यालय पर हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा कर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षक प्रत्याशी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव तथा स्नातक एमएलसी एवं प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा का जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बुके भेंटकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

शिक्षकों के हितों की लड़ाई जारी

पूर्व नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि उनका नामांकन 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है और पार्टीजनों से इसमें शामिल होने की अपील की।

स्नातकों के मुद्दे उठाने का दावा

विधान परिषद में सचेतक एवं स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्नातकों से जुड़े मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाया है। पीडीए समाज के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को भी सदन में उठाया गया है। उन्होंने बताया कि वह 6 अक्टूबर को वाराणसी में आयुक्त के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगे।

चुनाव को लेकर संगठन तैयार

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन पूरी गंभीरता से तैयारी कर रहा है। मतदाताओं से संपर्क और संवाद को तेज किया जाएगा तथा चुनाव के अंतिम दिन तक अभियान जारी रहेगा।

लोकतंत्र बचाओ सप्ताह पर कार्यक्रम

जिलाध्यक्ष ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 7 अक्टूबर को पीडब्ल्यूडी चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में धारा 326 को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा।

बैठक में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, राजबहादुर यादव, डॉ. अवधनाथ पाल समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों ने विचार रखे।

नए पदाधिकारी और सदस्य बने

कार्यक्रम के अंत में अतीश सोनकर को बाबासाहब आंबेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी का जिला महासचिव मनोनीत किया गया। वहीं, भाजपा छोड़कर आए वीरेंद्र उर्फ भोला चौहान को जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और उनका स्वागत किया। बैठक का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस दौरान पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534