जौनपुर। राजकीय हाईस्कूल परियावां, सिरकोनी में इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बेकार पड़ी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग करते हुए Best Out of Waste, Best to Art एवं Waste to Wealth गतिविधियों में प्रतिभाग किया। बच्चों ने प्लास्टिक की बोतलों और अन्य अनुपयोगी सामग्री से सुंदर एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं। विद्यालय में बेकार पड़ी प्लास्टिक की बोतलों और प्लांट पॉट्स में तुलसी के पौधे लगाकर औषधीय गार्डन का विस्तार किया गया। इसके साथ ही इको क्लब के अंतर्गत किचन गार्डन में लगी सब्जियों की साफ-सफाई भी कराई गई। गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को कचरा कम करने, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाध्यापिका शशिकला सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मक सोच के साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करती हैं।