जौनपुर। जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेल-2026 की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित यादव को भुवनेश्वर में सम्मानित किया गया। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को KIIT और KISS संस्थान की ओर से उन्हें चार लाख रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इससे पहले 22 अक्टूबर को मुंबई में एसबीआई फाउंडेशन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (IIS) ने भी उन्हें तीन लाख रुपये देकर सम्मानित किया था। इस तरह दो दिनों में रोहित को कुल सात लाख रुपये की सम्मान राशि मिली।
मछलीशहर तहसील के डभिया गांव निवासी रोहित यादव बुजुर्ग मैराथन धावक सभाजीत यादव के बेटे हैं। वह KIIT डीम्ड यूनिवर्सिटी के छात्र भी हैं। संस्थान के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में KIIT और KISS के संस्थापक प्रो. अच्युत सामंत ने उन्हें चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले रोहित की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव डभिया में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया।
