Jaunpur News : रुपये दोगुने करने का झांसा देने वाला गिरफ्तार

विस्फोटक पदार्थ, आरबीआई के लोगो वाला कागज और कार बरामद


बरसठी | रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को बरसठी पुलिस ने शनिवार रात वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। उसके पास से विस्फोटक पदार्थ, आरबीआई के लोगो और 500 रुपये के नोट जैसे दिखने वाले कागज, कार, मोबाइल फोन और 2230 रुपये बरामद हुए।प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मियाचक तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम सचिन उपाध्याय (33) निवासी अबरना, थाना सुरियावां, भदोही बताया। तलाशी में 22 कागज के टुकड़े मिले, जिन पर विस्फोटक पदार्थ लगा था। इसके अलावा आरबीआई के लोगो और 500 रुपये के नोट जैसी रंगत वाला कागज भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुने करने का झांसा देता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई के लोगो और नोट जैसे दिखने वाले कागज का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भदोही और सुरियावां थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534