जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर सात अक्टूबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित शिविर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, सर्वाइकल कैंसर से बचाव, टीकाकरण और प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन तथा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। सचिव सुशील कुमार सिंह ने स्वस्थ नारी शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि देश के विकास के लिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुविधाएं पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया, इंटरनेट, मोबाइल और टेलीविजन का सावधानीपूर्वक एवं रचनात्मक उपयोग करने पर जोर दिया।
डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने नारी स्वास्थ्य, सर्वाइकल कैंसर और अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, मध्यस्थता, पैरा लीगल वॉलंटियर, डिफेंस काउंसिल सिस्टम और फ्रंट ऑफिस के बारे में जानकारी दी।
डॉ. सीमा सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके जायसवाल, पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव और शिक्षिका ज्योति ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव, टीकाकरण और समय पर जांच के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने और चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श वर्मा ने किया। प्रधानाचार्या डॉ. मंजू वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाएं, प्राधिकरण के डाटा एंट्री ऑपरेटर सुनील कुमार मौर्य, राकेश कुमार यादव और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
