Jaunpur News : नवरात्र, दुर्गापूजा, रामलीला और भरत मिलाप को लेकर हुई बैठक


पर्वों को सौहार्दपूर्ण मनाने की  अपील

गौराबादशाहपुर , जौनपुर।

आगामी नवरात्र, दुर्गापूजा, रामलीला, दशहरा एवं भरत मिलाप पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को थाना परिसर गौराबादशाहपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने की। इसमें नगर पंचायत के सभासदों, रामलीला एवं भरत मिलाप समिति के पदाधिकारियों, इलाके के ग्राम प्रधानों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने कहा कि आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही ध्वनि एवं अन्य निर्धारित नियमों का भी पालन करने की हिदायत दी गई। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने या किसी तरह की शरारत करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत में नवरात्र से पहले खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा प्रमुख मार्गों एवं गलियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शशिकांत तिवारी एवं चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश सोनकर ने आश्वासन दिया कि नवरात्र पर्व से पहले नगर क्षेत्र में बिजली, सड़क एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त करा दिया जाएगा। ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में अधिकारियों ने रामलीला, दशहरा एवं भरत मिलाप के दौरान जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आयोजकों से कहा गया कि कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दें। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष मौर्या, लल्लन प्रताप सिंह, शैलेन्द्र सिंह बुलट, सुजीत जायसवाल, सूबेदार यादव, सत्यानंद चौबे, कमलेश सरोज, धर्मेन्द्र जायसवाल, दीपक मिश्रा, आतिश सोनकर, सागर साहू, शीशवंश सिंह, सुमित साहू, दीपक जायसवाल टीटू, अमीक अंसारी, संतोष गुप्ता, नागेंद्र राजभर, मोहम्मद आसिफ सहित क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534