Adsense

सरपतहां : परिणय सूत्र में बंधकर प्रेमी युगल पहुंचे थाने

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के रुधौली गांव से फरार प्रेमी युगल की प्रेम कहानी का पटाक्षेप हो गया। दोनों प्रेमी युगल थाने पर पहुंचकर अपनी प्रेमकथा बताते हुए सात जन्मों तक साथ निभाने के अनुक्रम में सात फेरे पूरे करके परिणय सूत्र में बंधने की बात बतायी। लगभग एक महीने पहले घर से रफूचक्कर प्रेमी जोड़े को पुलिस तलाश कर ही रही थी कि अचानक शुक्रवार को प्रेमी जोड़ा थाने में प्रकट हो गया। परिजन बुलाये गये, पंचायत हुई और आखिरकार दोनों के परिवार वाले भी सहमत हो गये। थाने के सामने मंदिर में लोगों के सामने प्रेमी जोड़े ने वरमाला पहनाकर शादी की सामाजिक मान्यता प्राप्त कर ली।
बताते चलें कि उक्त गांव निवासी निवासी राम चरन यादव की पुत्री ममता महीनों पहले अपने घर से अचानक गायब हो गई थी, बाद में परिजनों को पता चला कि ममता गांव के ही स्वजातीय युवक रतिभान यादव के साथ गई है। लड़की के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस दोनों को तलाश कर ही रही थी कि अचानक शुक्रवार  को दोनों सरपतहां थाने में प्रकट हो गये। मामले में सकारात्मक पहल करते हुए एसएसआई सुधीर कुमार मिश्र व एचसीपी प्रद्युम्न यादव ने दोनों के परिजनों को बुलवाया और फिर पंचायत शुरू हुई। वर वधू के अगाध प्रेम के आगे दोनों परिवारों को नतमस्तक होना पड़ा। लड़के और लड़की के परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने बाकायदा पूरे विधि विधान से शादी कराई। यही नहीं लड़के और लड़की दोनों के पिता ने शादी की रस्म के बाद वर वधू को आशीर्वाद भी दिया। लोगों ने मिठाई खायी तथा एसएसआई सुधीर कुमार मिश्र ने वर वधू के सफल दाम्पत्य जीवन के रहस्य को बताया।


Post a Comment

0 Comments