- केंद्र, प्रदेश से भाजपा का हो जाएगा सूपड़ा साफ
- बहन जी के शासन को याद कर रही प्रदेश की जनता : अशोक सिंह
Jaunpur Live News Network
जौनपुर लाइव न्यूज नेटवर्क
जौनपुर। नगर के सिद्धार्थ उपवन हॉल में बहुजन समाज पार्टी का एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार कुरील (स्टेट प्रभारी झारखण्ड एवं मुख्य जोन इंचार्ज वाराणसी मंडल) ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार जनपदों का नाम बदलकर कौन सा विकास करना चाहती है? पहले मुगलसराय का नाम बदल दिया फिर इलाहाबाद का नाम बदल दिया। सरकार ने यह साबित कर दिया कि उसके पास कोई कार्य योजना नहीं है जिससे प्रदेश का चहुमुंखी विकास किया जा सके। प्रदेश की बागडोर जब बहन जी के हाथों में थी तो प्रदेश के लोगों को अपराधमुक्त राज्य मिला था। लोग सुकून से थे। अपराध का कोई नामों निशां नहीं था। अपराधी जेल की हवा खा रहे थे लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में सबकुछ इसके उलट हो रहा है और सरकार नाम बदलकर विकास करने में जुटी है। इस कार्य से सिर्फ जनता को परेशानी होगी और राजस्व का भारी घाटा होगा क्योंकि नाम बदलने से हर जगह पर उसे अपडेट करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। प्रदेश की जनता बहन जी के शासन को याद कर रही है। लोकसभा चुनाव में पूरे देश भर में पार्टी का उत्कृष्ट प्रदर्शन होगा और केंद्र, प्रदेश से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जितेंद्र शंखवार (मुख्य जेान इंचार्ज वाराणसी, आजमगढ़ मंडल) ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता को जो सपना दिखाया था उसने एक वर्ष में ही दिखा दिया कि उसने सिर्फ ठगने का काम किया है। मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार कुरील को महाराष्ट्र प्रदेश के बसपा प्रभारी अशोक सिंह ने स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम् देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बहन जी का दिया हुआ नाराज सवर्जन हिताय, सर्वजन सुखाय को प्रदेश की जनता याद कर रही है। आने वाले चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। नाम बदलने की राजनीति जनता को नहीं पसंद है जनता को सिर्फ विकास चाहिए लेकिन प्रदेश की सड़कों बद से बदतर होती जा रही है, बिजली की लो-वोल्टेज की समस्या से किसानों को परेशानी हो रही है लेकिन प्रदेश के लोगों को उसका हितैषी बताने वाली सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर मौज कर रही है इसका अंजाम आने वाले चुनाव में इसे भुगतना पड़ेगा। इस दौरान भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे।
Tags
Jaunpur