जौनपुर लाइव। सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा वन्य जीव प्राणी सप्ताह के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रभागीय निदेशक एपी पाठक ने कहा कि पिछले 1 से 7 अक्टूबर तक सभी प्रभागों पर लोगों को वन्य जीवों की रक्षा, सुरक्षा, उनका मानव जीवन में महत्व, वन्य जीवों के अस्तित्व को सुरक्षित और संरक्षित रखने जैसे बिन्दुओं को दृष्टिगत रखते हुये जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि स्कूलों/कालेजों के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, एकल गीत, समूह गीत, कविता, गीत संगीत आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया। इससे छात्र-छात्राओं को जहां वन्य जीवों के प्रति खुद को जागरूक होने का अवसर मिला, वहीं समाज में अन्य लोगों को भी जागरूकता का संदेश दिया जो काबिले तारीफ है।
श्री पाठक ने वन्य जीवों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये कहा कि वन्य जीव मानव जीवन के लिये नितांत आवश्यक है। इनके बगैर मानव जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। आधुनिक जीवन में वन्य जीवों के अस्तित्व पर बढ़ता खतरा दुखद ही नहीं, बल्कि चिन्ताजनक है। अगर हम समय रहते नहीं चेते तो इसके परिणाम भयावह होंगे और मानव जीवन खतरे में पड़ जायेगा। इसी क्रम में सावित्री कान्वेंट हाईस्कूल की प्रधानाचार्या पूनम अस्थाना ने आह्वान किया कि लोग पशु-पक्षिओं के संकट में पडे़ अस्तित्व को बचाने के लिये आगे आयें और अपने छतों की मुण्डेर व छतों पर दाना-पानी रखें। इसके बाद डीएफओ ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वालों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश सिंह, आरएन मिश्रा, क्षेत्रीय वनाधिकारी ओम प्रकाश सोनकर, डीसी मिश्रा, पीएन यादव, वीडी पाण्डेय, सत्य प्रकाश, नवीन राय, जवाहर सिंह, बीबी सिंह, सीबी सिंह, गौतम चतुर्वेदी, इन्द्रजीत पाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्रदेव विक्रम ने किया। अन्त में प्रभागीय निदेशक एपी पाठक ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
Tags
Jaunpur