- डेढ़ घण्टे बाद लोगों ने हटाया जाम
- एसडीएम के आश्वासन के बाद खुला जाम
Jaunpur Live News Network
जौनपुर लाइव न्यूज नेटवर्क
मीरगंज, जौनपुर। विद्युत विभाग द्वारा लगातार हो रही अंधाधुंध कटौती से आजिज क्षेत्रवासियों ने बुधवार की सुबह जंघई तिराहे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे और तत्काल अधिकारियों को सूचित करते हुए मौके पर पहुच आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद विद्युत अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर शीघ्र आपूर्ति चालू करने को कहा। तब जाकर डेढ़ घण्टे बाद लोगों ने जाम हटाया।
लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति की आंख मिचौली से परेशान होकर जंघई बाजारवासियों ने रस्सी बांधकर सड़क जाम कर दिया जिससे जंघई हंडिया एवं सुरियांवा मार्ग पर आवागमन डेढ़ घंटे बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गयी। लोग विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे जिसकी जानकारी होने पर जंघई पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंच गये और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होता देख सरायममरेज थाने पर सूचना दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सरायममरेज विनोद कुमार सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता किया लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद एसडीएम हडि़या राजा गणपति राम के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। जाम लगाने वाले वक्ताओं ने कहा कि धान की सिंचाई एवं उमसभरी गर्मी से अक्टूबर माह में भी लोग परेशान है। इसके अलावा विद्युत की अघोषित कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। फोन लगाने पर विद्युत विभाग द्वारा फोन नहीं उठाया जाता है। अगर कहीं बात हो भी गई तो सही जानकारी नहीं दी जाती है। जिसके चलते सरकार की भी छवि धूमिल हो रही है। जामकर्ताओं ने कहा कि यदि विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाता हैं तो भीषण जाम लगाया जाएगा। जाम का नेतृत्व प्रदीप शर्मा उर्फ बाबा, राजमनी यादव उर्फ लंगड़ नेता, सोनू सिंह, सुशील कुमार दुबे, बाबा मिश्रा कर रहे थे। सहयोगियों में जिम्मी जायसवाल, धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, नेमचंद मौर्य, सरफराज अंसारी, सुभाष गुप्ता, विनय भोजवाल आदि रहे।
Tags
Jaunpur