मुख्यमंत्री निन्दा यात्रा 24 को पहुंचेगी जौनपुर, तैयारी में जुट गये शिक्षक


यात्रा को सफल बनाने के लिये वित्तविहीन प्रधानाचार्य महासभा ने किया सम्पर्क

जौनपुर। शिक्षक दिवस के दिन वित्तविहीन शिक्षकों को अयोग्य कहने और मानदेय की मांग को लेकर महासभा की प्रदेश महिला अध्यक्ष रेनू मिश्रा के बाल मुड़वाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अशोभनीय टिप्पणी करने से नाराज वित्तविहीन शिक्षकों का मुख्यमंत्री निन्दा यात्रा 24 दिसम्बर को जनपद में आ रही है। यात्रा की तैयारी में वित्तविहीन शिक्षक जी-जान से जुट गये हैं। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व लखनऊ के शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी के साथ प्रधानाचार्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बरेली-मुरादाबाद के शिक्षक विधायक संजय मिश्रा, महिला प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्रा व प्रधान महासचिव अशोक राठौर द्वारा लखनऊ से निकाली गयी मुख्यमंत्री निन्दा यात्रा की जोरदार तैयारी की जा रही है। इस आशय की जानकारी देते हुये माध्यमिक वित्तविहीन प्रधानाचार्य महासभा के प्रान्तीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह मंगलवार को जिले के शिक्षक नेताओं के साथ वित्तविहीन स्कूलों पर पहुंचकर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों के साथ बैठक करके यात्रा के स्वागत पर चर्चा किया। साथ ही कहा कि वित्तविहीन शिक्षक लम्बे समय से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं के प्रति सजग नहीं है। ऐसे में सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का एलान किया गया है। इसी को लेकर बीते 26 सितम्बर से लखनऊ में मुख्यमंत्री निंदा यात्रा का शुभारम्भ किया गया है। 23 दिसम्बर को रायबरेली से चलकर यात्रा दूसरे दिन सुबह 10 बजे मुंगराबादशाहपुर में प्रवेश करेगी। वहां से वित्तविहीन शिक्षक मोटरसाइकिल से यात्रा में शामिल होकर टीडी इण्टर कालेज के सभागार में पहुंचकर सभा करेंगे जिसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। मंगलवार को किये गये सम्पर्क के दौरान जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रा, श्रद्धेय गुप्ता, प्रकाश चन्द्र पाल, नन्हकऊ गुप्ता, श्यामधर मिश्रा, अमित दुबे, अंकुर शुक्ला, विकास सिंह सहित तमाम शिक्षक प्रमुख रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य शरद सिंह ने किया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534