प्रधानपति सहित पाँच पर केस
घर पर चढ़कर मारने का लगाया आरोप
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में सोमवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष से तीन लोग घायल हो गये और एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना से क्षेत्र में कोहराम मच गया।
बताते हैं कि क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर (सदहां) निवासी जयहिंद पुत्र पतिराम ने कोतवाली में लिखित तहरीर दिया हैं कि सोमवार को सुबह साठे सात बजे भूमि विवाद व पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही जितेंद्र, धीरज, चंद्रकेश,
चंद्रशेखर व प्रधानपति एक राय होकर लाठी, राड, बल्लम लेकर घर पर चढ़ आये और विरोध करने पर परिवार के सभी लोगों को मारने पीटने लगे जिसमें मेरी भाभी प्रभावती देवी (55) के सर में गम्भीर चोट लगी और जयहिंद (27), विनोद, सरिता देवी भी गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए लाया गया जहां पर डाक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद प्रभावती देवी को मृत घोषित कर दिया और शेष घायलों का उपचार किया। कोतवाली पुलिस ने जयहिन्द पुत्र पतिराम के तहरीर पर प्रधानपति सहित पाँच लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 325, 302, 506 आइपीसी के तहत केस दर्ज कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घायल जयहिंद ने बताया कि गांव के प्रधान पति विनोद राव इसके पहले भी मरवाने की धमकी दे चुके हैं और आज सुबह भी प्रधानपति के उसकाने पर लोग घर पर चढ़कर मारने लगे।
Tags
Jaunpur
