सभासद के आचरण पर अन्य सभासदों ने किया आपत्ति
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। नगर पालिका परिषद परिसर में बुधवार को अपरान्ह दो बजे पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष शिवगोविंद साहू की अध्यक्षता में हुई। जिसमें पालिका परिषद के समस्त 25 सभासद उपस्थित रहे। विगत कार्यवाही की पुष्टि पर सभासद गयासुद्दीन द्वारा विरोध प्रदर्शित कर बैठक का बहिष्कार किया गया। बैठक में 14वें वित्त आयोग से प्रस्तावित कार्यों का प्रस्ताव बहुमत से पारित कर स्वीकृति प्रदान की गयी एवं भवन नामांतरण संशोधन आदि प्रस्तावों पर भी स्वीकृत प्रदान की गयी। इसी के साथ नगर में आए मोबाइल टायलेट का किराया पालिका सीमाक्षेत्र के अन्दर पांच सौ रुपए, पांच किलोमीटर क्षेत्र के अंतर्गत एक हजार रुपए व पांच किलोमीटर से अधिक दूरी पर 1500 सौ रुपए की स्वीकृति की गयी। इसी के साथ मरम्मत शुल्क के रुप में पाँच सौ रुपए निर्धारित किया गया। पालिका परिषद परिसर में बोर्ड की बैठक के लिए समस्त सुविधाओं से सुसज्जित मीटिंग हल के निर्माण एवं उसके ऊपर अधिशासी अधिकारी एवं अवर अभियंता के आवास के निर्माण पर भी स्वीकृति प्रदान की गयी। बोर्ड की बैठक में चर्चा के दौरान सभासद सूर्य लाल द्वारा सदन में अभद्र भाषा के प्रयोग एवं सदन की गरिमा के विपरीत आचरण करने तथा अध्यक्ष को अपशब्दों का प्रयोग करने पर बोर्ड में उपस्थित सभासद आजम राइन, राजेंद्र
कुमार, दीपक कुमार, धर्मेंद्र कुमार व अन्य सभासदों द्वारा अति निंदनीय बताते हुए सर्वसम्मति से निन्दा प्रस्ताव पारित किया गया। इसी के साथ विगत मंगलवार को पालिका परिषद के अध्यक्ष कार्यालय कक्ष में सभासद सूर्यलाल एवं उनकी माता सभासद दुर्गावती देवी के साथ पालिका अध्यक्ष से अभद्र भाषा का प्रयोग करने एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के विरोध में भी निंदा प्रस्ताव सदन में सभासद दीपक मोदनवाल, घनश्याम गुप्त, हनुमानदास द्वारा रखा गया जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित किया। बैठक में पालिकाध्यक्ष शिव गोविन्द साहू, अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र भारती, कर अधीक्षक कमलेश कुमार, अवर अभियंता शिवानन्द वास्को, लिपिक ज्ञान प्रकाश, सावित्री देवी, रंजना दुबे, आशा साहू, चंदा देवी, सलमा, नगीना देवी, तसलीम बानो, सरोजा देवी, चंद्रिका देवी, दीपा जायसवाल, दुर्गावती देवी, धर्मेन्द्र सिंह, दीपक मोदनवाल, आजम राइन, गणेश गुप्त, घनश्याम गुप्त, हनुमानदास, सौरभ जायसवाल, रामयश पटेल, राजेश कुमार, विनोद गुप्त, राजेन्द्र कुमार, गयासुद्दीन छिवलहा, सूर्यलाल जायसवाल सहित समस्त सभासदगण उपस्थित रहे।
Tags
Jaunpur
