डीएम ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रैली को दिखाई हरी झण्डी



जौनपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में रैली का शुभारम्भ डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर हिंदी भवन जौनपुर से किया गया। रैली अटाला मस्जिद होते हुए जिला पुरुष चिकित्सालय जौनपुर में समापन हुआ। रैली में राजकीय बालिका इण्टर कालेज एवं शिया इण्टर कालेज की बालिकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। रैली समापन के उपरान्त जिला पुरूष चिकित्सालय के सभागार कक्ष में राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में गोष्ठी का आयोजन किया गया।
नोडल अधिकारी, पीसीपी एनडीटी जौनपुर डा. आईएन तिवारी द्वारा बताया गया कि जनपद में गिरते हुए लिंगानुपात 0-6 वर्ष तक के उम्र के बच्चों में चिन्ता का विषय है। आज की बालिकायें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं लेकिन आज भी वह अनेक कुरीतियों का शिकार हैं। आज हजारों लड़कियों को जन्म देने के पहले ही मार दिया जाता है, आज भी समाज में कई घर ऐसे हैं जहां बेटियों को बेटे की तरह अच्छा खाना और अच्छी शिक्षा नहीं दी जाती है। कन्या भ्रूण हत्या की वजह से लड़कियों के अनुपात में काफी कमी आ रही है। नोडल अधिकारी, पीसीपीएनडीटी जौनपुर डा. आईएन तिवारी द्वारा बताया गया कि किसी भी अल्ट्रासाउण्ड सेंटर द्वारा लिंग की जांच की जा रही हो तो इसकी सूचना तुरन्त दें, इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुखबिर योजना चलायी जा रही है। गुप्त सूचना देने वालेे का नाम गोपनीय रखा जायेगा तथा उसको पुरस्कृत भी किया जायेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रामजी पाण्डेय द्वारा बेटियों के प्रति हो रहे समाज में भेदभाव के कारण ही बच्चियों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। लिंग अनुपात में असमानता मानव के अस्तित्व के समाप्ति का संकेत है। इस भेदभाव को कम करने के लिए बालिकाओं को शिक्षित किया जाना तथा उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, जिससे बालिकाओं को बालक के समान अवसर प्राप्त हो सके।
गोष्ठी का समापन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डा. एसके पाण्डेय, अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला पुरुष चिकित्सालय जौनपुर द्वारा गोष्ठी में आये हुए समस्त आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा कहा गया कि बेटियां ही हमारे देश का भविष्य हैं। गोष्ठी एवं रैली में मुख्य रुप से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरएस कुशवाहा, डा. एसपी मिश्रा, डा. एससी वर्मा, देवेंद्र सिंह जिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा राजकीय बालिका विद्यालय एवं शिया इंटर कालेज के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं प्रतिभाग किया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534