भुक्तभोगी ने कोतवाली में दी तहरीर, 60 से 70 हजार का सामान जला
मछलीशहर, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली अंतर्गत ग्राम आयर निवासी रणधीर कुमार मिश्र पुत्र केदारनाथ अपने परिवार के भरण पोषण के लिए भाऊपुर चौराहे पर चाय पान और कुछ जनरल सामान रखकर एक गुमटी में अपनी दुकान चलाते थे। रविवार रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गये। इसी बीच रात में किसी अराजक तत्व ने गुमटी में आग लगा दी। जिससे गुमटी जलकर राख हो गई और उसमें रखा जनरल स्टोर का सामान व सिगरेट, बीड़ी, गुटका सहित सभी सामान जलकर राख हो गया।
बताते हैं कि गुमटी में गैस सिलेंडर रखा हुआ था जो ब्लास्ट होकर जल गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के अनुसार ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी की अगल-बगल घरों में सो रहे लोग दौड़कर गुमटी के पास पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया था। आग की सूचना भुक्तभोगी को दी गई उसने लगभग 60 से 70 हजार रुपए का नुकसान होने की जानकारी दी। भुक्तभोगी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दे दी है। इस मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
Tags
Jaunpur