Jaunpur Live :जातीय संघर्ष के दौरान आधा दर्जन से अधिक घायल



Jaunpur Live News Network
जौनपुर लाइव न्यूज नेटवर्क
एक पक्ष ने मकान में तोड़फोड़ करने का लगाया आरोप
भीम आर्मी के संग प्रधान भाई ने किया उपद्रव
पुलिस के जवान मौके पर, दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज, दर्जन भर गिरफ्तार
मछलीशहर, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खाखोपुर बाजार में अंडा खाने की घटना से शुरु हुआ विवाद गुरुवार को जातीय संघर्ष में तब्दील हो गया। दलित ग्राम प्रधान और उसके भाई ने रात को हुई घटना का बदला लेने के लिए भीम आर्मी सेना की मदद से घर में तोड़-फोड़ एवं मारपीट की है। घटना में दोनों पक्षों से 10 लोग घायल हो गये और मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक दर्जन उपद्रवियों को गिरफ्तार करते हुए बाजार में पुलिस के जवान तैनात किये गये हैं।
बताते हैं कि बुधवार की रात ग्राम प्रधान श्यामबहादुर गौतम की अंडा की दुकान पर सुमित कुमार सिंह अंडा खा रहे थे। वहीं पर पेड़ काटने की बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद बात बढ़ी और मारपीट हो गई। रात में ही दलित पक्ष से घायल प्रमिला (50), प्रभाकर (19), बिहारीलाल (60), अंकित (19), पंकज (17), धर्मराज (25) दूसरे पक्ष से जयप्रकाश सिंह (21), सुमित (17) घायल हो गये। पुलिस ने दोनों पक्षों से मुकदमा कर कार्रवाई में जुट गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुबह मुन्ना सिंह चाय पीने बाजार में आए थे। तभी दलित बस्ती से ग्राम प्रधान आदि ने ललकारा तो मुन्ना सिंह ने अपने ढाबे से लोगों को बुला लिया। इतने में 50 की संख्या में भीम आर्मी सेना के सदस्यों ने हमला बोल दिया। जब लोग भागने लगे तो मधुसूदन पांडेय के घर में तोड़-फोड़ करते हुए उनके घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। र्इंट पत्थर के द्वारा हमला करने के दौरान सूर्यवंश सिंह (55) पुत्र फतेहबहादुर सिंह, विजय सिंह (55) पुत्र शिवमूरत सिंह घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपद्रव की सूचना किसी ने कोतवाली पुलिस को दी। सीओ विजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर मोरध्वज दुबे, हरिश्चंद्र सिह फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। उपद्रवियों को भगाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग के साथ हवाई फायर भी किया। मौके से भीम आर्मी के सदस्य अपनी चार मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया। दलित वर्ग के प्रभाकर पुत्र राम धनी राम और धर्मेंद्र पुत्र समरजीत के साथ ही भीम आर्मी के रमेश कुमार पुत्र कन्हैया और राहुल कुमार पुत्र लालचंद निवासी गांव करियाव थाना मीरगंज, आनन्द कुमार पुत्र मंगेश कुमार निवासी सहरवा थाना बरसठी, अवधेश पुत्र प्रेमलाल और करिया पुत्र संतलाल निवासी दरापुर थाना मीरगंज, पंकज पुत्र विजय बहादुर निवासी दरापुर थाना पंवारा, सुजीत पुत्र रमेश गौतम निवासी गोपालपुर थाना बरसठी, चन्द्रशेखर पुत्र शेरबहादुर निवासी गोपालपुर मडि़याहूं को गिरफ्तार किया है। दूसरे पक्ष से जयप्रकाश सिंह पुत्र लालता प्रसाद और सुमित कुमार पुत्र राजेश कुमार सिंह खाखोपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी है। स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए पीएसी और मीरगंज, पंवारा, मड़ियाहूं, मुंगराबादशाहपुर की फोर्स तैनात है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय, क्षेत्राधिकारी विजय कुमार सिंह मौके की स्थिति पर नजर बनाए मातहतो को निर्देश जारी कर रहे हैं।



और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534