- सपा ने अगस्त क्रांति दिवस पर अन्याय के विरूद्ध बुलंद की आवाज
#TeamJaunpurLive
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने अगस्त क्रांति दिवस पर शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने अत्याचार, जुल्म, ध्वस्त कानून व्यवस्था आदि मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करते हुए अत्याचार करने का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री एवं शाहगंज विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों, गरीबों, बेरोजगारों आदि की अनदेखी करते हुए भाजपा सरकार अपने राजनैतिक एजेंडा पर काम करने में लग गई है। इन हालात में अधिक समय तक चुप रहकर समाजवादी पार्टी जनता को प्रताड़ित होते नहीं देखेगी।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी मोहम्मद आजम खान एडवोकेट ने कहा कि यूपी में अपराध का ग्राफ हाईलेवल पर है। योगी सरकार का अपराधियों पर कोई लगाम नहीं है बल्कि फर्जी एनकाउंटर करके खुद पीठ थपथपाने का काम किया जा रहा है। हर रोज बलात्कार, हत्या, लूट की घटनाएं सामने आ रहे हैं।
प्रमुख मांगों में जन विश्वास की बहाली के लिए बैलेट पेपर से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव कराया जाए। प्रदेश में जंगलराज पर अंकुश लगे। महिलाओं के साथ छेड़खानी, बलात्कार, बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्या, अपहरण की घटना रोकी जाए, बिजली दर में की गई भारी वृद्धि को कम किया जाए, गन्ना किसानों को बकाया भुगतान किया जाए। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद हो। अल्पसंख्यकों पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं, उनका फर्जी इनकाउंटर रोका जाए। उन्नाव पीड़िता के साथ न्याय हो। इसके अलावा जौहर विश्वविद्यालय में राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा अत्याचार तत्काल बंद हो। सांसद मो. आजम खां के ऊपर लगे फर्जी मुकदमे समाप्त किए जाएं। जनपद के विभिन्न थानों में हत्याओं का पर्दाफाश करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अंत में राज्यपाल को संबोधित तीस सूत्री ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
धरना सभा को प्रमुख रूप से पूर्व सांसद तूफानी सरोज, विधायक मछलीशहर जगदीश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, श्रीराम यादव, राज नारायण बिद, हाजी अफजाल, अरशद खान और जिला प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष डा. सरफराज खान, दशरथ यादव, सुभाष यादव, गुड्डू यादव, सिराज प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। संचालन हिसामुद्दीन ने किया।
Tags
Jaunpur