मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भवानिगंज गांव के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवती घायल हो गई। जानकारी के अनुसार बलभदर गांव निवासी कनहिया वाराणसी जनपद के बड़ागांव से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर भवानिगंज गांव के पास सड़क पर खड़ी क्रेन मशीन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक और पीछे बैठी युवती सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उठाकर सहायता किये। हादसे में बाइक पर बैठी युवती अंकिता के पैर में चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। युवक कनहिया ने बताया कि दुर्घटना में करीब 7 से 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़ी भारी मशीनों को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
