Jaunpur News : प्रवक्ता परीक्षा-2025 को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन तैयार, 18 केंद्रों पर होगी परीक्षा

जौनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 8,375 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले अपने आवंटित केंद्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी देखें | 

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534