Jaunpur News : 50 वर्ष पुरानी आबादी की जमीन पर अवैध पट्टे का आरोप, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के महराजगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम केवटली की निवासी एक महिला ने अपनी वर्षों पुरानी आबादी की जमीन पर अवैध पट्टा किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

ग्राम केवटली निवासी निर्मला देवी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गाटा संख्या 340 में उनकी लगभग 50 वर्ष पुरानी आबादी है, जहां उनका आवासीय उपयोग से जुड़ा ढांचा, हैंडपंप और अन्य व्यवस्थाएं मौजूद हैं। उनका आरोप है कि इस भूमि पर कुछ लोगों के पक्ष में नियमों के विपरीत पट्टा कर दिया गया।

पीड़िता का कहना है कि भूमि से जुड़े मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा निर्माण कार्य किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और भूमि पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।

निर्मला देवी ने यह भी बताया कि उन्हें पूर्व में नोटिस जारी कर जमीन से ढांचा हटाने को कहा गया था। उन्होंने मांग की है कि विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य रोका जाए तथा न्यायालय के अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखी जाए।

जिलाधिकारी से की गई शिकायत में पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534