Jaunpur News : अंधे मोड़ पर स्कॉर्पियो पलटी, चालक समेत तीन लोग घायल

सरायख्वाजा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के जमुहाई गांव के पास बुधवार देर रात एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के मुक्तिगंज निवासी राजकमल गौतम अपनी स्कॉर्पियो से जौनपुर के मल्हनी क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात घर लौटते समय जमुहाई गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क पर तीखा मोड़ है, लेकिन वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए कोई सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगा है। रात के समय मोड़ का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर राहत कार्य किया। चालक राजकमल गौतम समेत तीनों घायलों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां कराया गया।

सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने उठायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुहाई गांव के पास स्थित यह अंधा मोड़ दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। यहां न कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाया गया है।  इसी कारण आए दिन घटनाएं होती रहती हैं। ग्राम प्रधान विनोद राजभर ने कहा कि इसके लिए कई बार हम लोक निर्माण विभाग को सूचना दिए थे लेकिन इसके बाद भी सांकेतिक बोर्ड या स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया जिससे घटनाएं लगातार हो रही हैं।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534