Jaunpur News : जन कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

बक्शा, जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर का समापन विकास खंड सभागार बक्शा में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल एवं संचालन एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में मां दुर्गा विद्यालय के प्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाये गये जहां विभागीय अधिकारियों ने केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं एवं उनके प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा है तथा जनता के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।

मुख्य अतिथि ने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही जानकारी एवं सेवाओं की सराहना किया। साथ ही कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 लाभार्थियों, किसान सम्मान निधि के दो लाभार्थियों, व्यक्तिगत शौचालय के दो लाभार्थियों और आयुष्मान कार्ड के एक लाभार्थी को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया।

इसी क्रम में खण्ड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन गौड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेश सिंह, सूर्य प्रकाश चौबे, कपिलमुनि मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, विकास सिंह, विनोद पाल, विकास गौतम, मनोज श्रीवास्तव, सुरेंद्र मिश्रा, आशीष सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. जीके सिंह, डॉ. पवन कुमार, जेई एमआई सत्य प्रकाश पटेल, वीसी धर्मेंद्र साहू, विजयभान यादव, शिवम यादव, श्रीपति मौर्य, केशरी प्रसाद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534