Jaunpur News : डीएम-एसपी के आश्वासन पर समाप्त हुआ आजाद बिंद हत्याकांड को लेकर 21 दिन से चल रहा धरना


जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के बहुचर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले 21 दिनों से चल रहा धरना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे समाप्त हो गया। मृतक की बहन सौम्या बिंद 18 जून से ग्रामीणों और समर्थकों के साथ धरने पर बैठी थीं। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद उन्होंने धरना समाप्त करने की घोषणा की।

मंगलवार रात सौम्या बिंद ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच सौम्या बिंद ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

गौरतलब है कि 1 मई को आजाद बिंद की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह बरात लेकर जा रहे थे। इस घटना के बाद परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मृतक की बहन का आरोप था कि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने 18 जून से धरना शुरू किया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल रहे।

धरने के दौरान सौम्या बिंद ने कई बार प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा बनी रही और स्थानीय लोगों का भी उन्हें समर्थन मिला।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया है और धरने पर बैठे सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534