Jaunpur News : हजारों हाथों में तिरंगा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा बरसठी


बरसठी से निगोह तक सात किलोमीटर निकली विशाल तिरंगा यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

बरसठी | स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बरसठी की सड़कों पर तिरंगों का सैलाब उमड़ पड़ा।समाजसेवी एवं भावी ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी अनूप सिंह के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष निकली विशाल तिरंगा यात्रा बरसठी बाजार स्थित नरसिंह भगवान मंदिर से शुरू होकर मियाचक बाजार और सरसरा ब्लॉक मुख्यालय होते हुए करीब सात किलोमीटर का सफर तय कर निगोह बाजार स्थित तेज बहादुर सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज पहुंची। हजारों लोगों की मौजूदगी, हाथों में तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया। यात्रा शुरू होने से पहले नरसिंह भगवान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुटे। यहां प्रमुख अतिथियों का स्वागत किया गया। पुरोहितों ने तिलक लगाकर अंगवस्त्र भेंट किया और शंखनाद के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। बरसठी बाजार पहुंचते ही यात्रा ने विशाल रूप ले लिया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह हाथ में तिरंगा थामे बाइक पर सवार होकर यात्रा में शामिल रहे। एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ भी बाइक पर तिरंगा लेकर लोगों के साथ चलते रहे। यात्रा के आगे तिरंगे के रंग में सजे दो ट्रैक्टर आकर्षण का केंद्र रहे। दोनों पर सैकड़ों राष्ट्रीय ध्वज और तिरंगे रंग के गुब्बारे लगाए गए थे। डीजे और बैंड-बाजे के साथ देशभक्ति गीत बजते रहे और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। मियाचक बाजार में बाजारवासियों ने यात्रा का स्वागत किया। रास्ते में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। यात्रा में प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र के परानुपुर निवासी धर्मवीर आनंद पांडेय और अवधी लोकगीत गायक अनुराग पंडित भी शामिल रहे। निगोह बाजार पहुंचने पर यात्रा का स्वागत हुआ। इसके बाद तेज बहादुर सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि “राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, सामाजिक भेदभाव दूर करने और नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि तिरंगा यात्रा की सार्थकता तभी होगी, जब लोग यहां से राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर लौटें। उन्होंने नई पीढ़ी को देश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने तथा गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदार युवा तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए जाति, धर्म, पंथ, मजहब और दलीय भावना से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम के भाव से काम करना होगा।” आयोजक अनूप सिंह ने यात्रा में शामिल लोगों का आभार जताते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी रहेगा।यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र बहादुर सिंह, मुन्ना सिंह, पूर्व प्रधान उग्रसेन सिंह, कमलेश सिंह, लाल बहादुर यादव, आलोक सिंह, बच्चन सिंह, चंदा सिंह, जि.पं.स. राकेश सरोज, प्रमोद सिंह, पूर्व प्रमुख आशुतोष सिंह, राष्ट्रवादी नवजवान सभा के अध्यक्ष नवीन सिंह, रोशन सिंह, प्रधान मिथलेश पांडेय, सुरेश गौतम, मुमताज अली, विशाल शुक्ला, धीरज शुक्ला, सीमांत सिंह, शिवम, राहुल सिंह समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534