Jaunpur News : जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक छापेमारी

42 दुकानों का निरीक्षण, 08 नमूने लिए गए 

जौनपुर।  जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशों के क्रम में जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नकली एवं अमानक उर्वरकों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार को उर्वरक निरीक्षकों की टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक छापेमारी एवं सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 42 उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, लाइसेंस, मूल्य सूची एवं अन्य अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से 08 उर्वरक नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित 05 उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा गंभीर अनियमितताओं के दृष्टिगत 02 दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली, अमानक अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत उर्वरकों का विक्रय करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण जारी रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध हों।

जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि उर्वरक खरीदते समय अधिकृत विक्रेता से ही उर्वरक क्रय करें, पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग अथवा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534