मड़ियाहूं, जौनपुर। जौनपुर-भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग 135A पर नंदगंज बाजार, उंचनी कला के पास सड़क धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। सड़क के बीचोंबीच धंसा हिस्सा किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसी रास्ते से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आना-जाना रहता है, इसके बावजूद सड़क की स्थिति पर जिम्मेदार विभाग का ध्यान नहीं है।
लोगों के अनुसार धंसी सड़क पर वाहन चालकों को अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी हादसे के होने का इंतजार किए बिना सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित कराया जाए।