जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग पर गुरुवार दोपहर भकुरा मोड़ के पास पानी से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के दो विद्युत खंभों से टकरा गई। हादसे में दोनों खंभे क्षतिग्रस्त होकर पिकअप पर गिर गए। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि पिकअप को काफी नुकसान हुआ।
खंभे टूटने के बाद विद्युत तार सड़क पर नीचे आ गए, जिससे मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता लाइनमैन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत आपूर्ति बंद कराने के बाद तारों को काटकर अलग कराया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
पूर्वांचल चौकी प्रभारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि पिकअप की टक्कर से 11 हजार वोल्ट के विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना की जानकारी विद्युत विभाग को दे दी गई है। विभाग की ओर से तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।