जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय का रहा प्रयास
पूर्व कैबिनेट मंत्री जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय के प्रस्ताव पर गोसाईपुर सेवईनाला गौराबादशाहपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 18 करोड़ 75 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। उक्त मार्ग के कुल 10.400 किलोमीटर तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के साथ बाजार और गांव के मध्य नाली निर्माण कराया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग जौनपुर द्वारा निर्माण कार्य की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बाजार व गांवों में जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक जगदीश नारायण राय ने क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए शासन के समक्ष इस मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा था। शासन से स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है। क्षेत्र के धनन्जय सिंह, मस्तू मिश्रा, गुलाब राय, सुजीत जायसवाल, मो. तौफीक, विकास सोनकर, आतिश सोनकर, फूले आदि ने प्रसन्नता जताई है।