बरसठी | कॉलेज जा रही छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध पर उसके पिता को धमकाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर आरोपित पक्ष ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा 21 सितंबर को कॉलेज जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता आरोपित के घर शिकायत करने पहुंचे, जहां विवाद हो गया। पिता का आरोप है कि युवक के पिता समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार धमकी मिलने पर उन्होंने बुधवार को थाने में तहरीर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही फैयाज, इम्तियाज और सादान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
